बूंदी के सुदर्शन मीणा ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित 24वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने गोलाफेंक स्पर्धा में यह उपलब्धि हासिल कर राजस्थान का नाम रोशन किया। यह चैंपियनशिप 19 से 21 मार्च तक आयोजित की गई थी। सुदर्शन मीणा ने देशभर के 18 राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच 12.30 मीटर दूर गोला फेंककर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी तकनीक और संतुलन का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए यह पदक अपने नाम किया।
जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि सुदर्शन मीणा वर्तमान में खेल संकुल में अल्पकालिक पैरा एथलेटिक्स प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उनकी यह सफलता खेल के प्रति उनके लंबे समय के समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है।