भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे संवेदनशील इलाकों में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जैसलमेर के नाचना इलाके में एक धार्मिक स्थल (मस्जिद) और बाड़मेर जिले में भी विभिन्न स्थानों पर धार्मिक स्थलों को गिराने व कई प्रबंधन समितियों को नोटिस दिए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। सुरक्षा और अवैध कब्जों का हवाला देकर की जा रही इस एकतरफा प्रशासनिक कार्रवाई पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तुष्टीकरण, द्वेषभावना और अंग्रेजों जैसी दमनकारी नीति अपनाने का सीधा आरोप लगाया है। इस विवाद के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासनिक बुलडोजर और भारी पुलिस बल की तैनाती सीमा सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री की बैठक के बाद, भारत-पाक सीमा के 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाले अवैध निर्माणों पर प्रशासन का पीला पंजा लगातार चल रहा है। इसी कड़ी में जैसलमेर के नाचना क्षेत्र और बाड़मेर के ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से बने धार्मिक स्थलों (मस्जिद व अन्य निर्माणों) को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहा दिया गया। साथ ही कई अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों को भी आगामी दिनों में हटाने के लिए प्रशासन ने कड़े दिशा-निर्देश और नोटिस जारी किए हैं। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क नजर आईं। हरीश चौधरी का तीखा हमला: “ये लोगों को नागरिक नहीं, मतदाता समझ रहे हैं” इस पूरी कार्रवाई पर कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व मंत्री हरीश चौधरी ने राज्य की भाजपा सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों को आड़े हाथों लिया है। चौधरी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि प्रशासन सुरक्षा की आड़ में गैर-कानूनी तरीके से काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि: “इनकी नजरों में यहाँ रहने वाले लोग देश के नागरिक नहीं हैं, ये लोगों को सिर्फ एक मतदाता की तरह देख रहे हैं। सीमावर्ती इलाकों में शांति और भाईचारे के माहौल को बिगाड़ने के लिए जानबूझकर नफरत के बीज बोए जा रहे हैं। बिना किसी उचित कानूनी प्रक्रिया या बिना विकल्प दिए इस तरह धार्मिक स्थलों को गिराना ठीक वैसा ही है जैसा कभी अंग्रेज हमारे देश के नागरिकों के साथ किया करते थे। इस तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” थार की अपणायत को ख़राब कर रहे हैं, कांग्रेस लोगों के साथ हरीश चौधरी ने कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर इस तरह की हरकतें करना गैर कानूनी है। हम जनता के साथ खड़े हैं कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और सड़कों पर उतरेगी। हम किसी भी कीमत पर थार की अपणायत को ख़राब नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा कि इनकी मंशा कुछ और है इसके पीछे उसको देखने की जरुरत है।
