सीकर के अमृता हाट बाजार में बैंकिंग सर्विसेज का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें चेक वितरण भी किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को अदालतों के चक्कर काटे बिना बैंक खातों में फंसे पैसे को वापस पाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना था। सांसद अमराराम और जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने भारत सरकार के “आपकी पूंजी-आपका अधिकार” राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान अक्टूबर से दिसंबर तक पूरे देश में चलाया जाएगा। बिना दावे वाली राशि के लिए स्वीकृति पत्र वितरित
अमृता हाट बाजार में आयोजित “आपकी पूंजी-आपका अधिकार” अभियान में विभिन्न बैंकों के बिना दावे वाले बैंक खातों में अटकी हुई राशि जारी करने के स्वीकृति पत्र दिए गए। इसके साथ ही, पीएम स्वनिधि योजना के 20 लाभार्थियों तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना व सुरक्षा बीमा योजना के तहत 10 लाभार्थियों को मृत्यु दावे के चेक भी दिए गए। इस शिविर में करीब 500 से बिना लीगल क्लेम वाले बैंक खातों के अकाउंट होल्डर्स शामिल हुए। वित्तीय सशक्तिकरण और त्वरित निपटान पर जोर
सांसद अमराराम ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के वित्तीय सशक्तिकरण के विभाग के दीर्घकालिक लक्ष्य को प्राप्त करना है। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने कहा कि दावों का निपटारा शीघ्रता से, निष्पक्षता से और नागरिकों के लिए अनावश्यक बाधाओं के बिना किया जाना चाहिए, ताकि वे स्पष्टता और विश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। जागरूकता शिविर और अधिकारियों की भागीदारी
पंजाब नेशनल बैंक के मंडल चीफ सुधांशु भूषण ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के काॅर्डिनेशन में जन-जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आज सीकर में इस अभियान के तहत नागरिकों को बैंक जमा, बीमा पॉलिसियों, लाभांश, शेयर, म्यूचुअल फंड और पेंशन जैसी बिना क्लेम वाली बैंक खातों की राशि के प्रति जागरूक करना है। अक्सर पुराने खातों की जानकारी या जागरूकता की कमी के कारण इन संपत्तियों का दावा नहीं किया जाता है। इस कार्यक्रम में RBI असिस्टेंट जनरल मैनेजर अक्षक गुंबर, नाबार्ड DDM एमएल मीणा, डीडीएम नाबार्ड, SBI असिस्टेंट जनरल मैनेजर संदीप कुमार, जोनल डिप्टी चीफ विमल शर्मा, राजीविका DPM अर्चना मौर्य, बैंक ऑफ़ बड़ौदा के चीफ मैनेजर खेमचंद शर्मा, ग्रामीण बैंक DRM भुवन व्यास समेत सभी बैंकों के अधिकारी व जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
