सीकर में आज शाम को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के रीजनल ऑफिस की टीम और सीकर नगर परिषद की टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाते हुए पिपराली रोड पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इन्होंने यहां 15 दुकानों पर कार्रवाई करते हुए 410 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग और सिंगल यूज प्लास्टिक को जब्त किया। इसके साथ ही 13 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। रीजनल ऑफिसर सविता के मुताबिक आज शाम को सीकर के पिपराली रोड पर करीब 15 दुकानों,गोदाम पर कार्रवाई करते हुए कुल 410 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग और सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। इन पर कुल 13 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। इस कार्रवाई में सीकर नगर परिषद कमिश्नर शशिकांत शर्मा, रेवेन्यू ऑफिसर प्रमोद सोनी सहित टीम शामिल रही। रीजनल ऑफिसर सविता के मुताबिक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य सीकर शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का है। जिसके तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण और इनकी बिक्री करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।