दीपावली पर सीकर शहर में 18 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक यातायात व्यवस्थाओं में आमूलचूल परिवर्तन किया गया है। हालांकि 23 अक्टूबर को भीड़ कम रही तो इस व्यवस्था में आखिरी दिन बदलाव भी किया जा सकता है। वहीं, शहर के सभी प्रमुख प्वाइंट्स के साथ ही शहर में प्रवेश करने वाले सभी सर्किलों पर भी पुलिस जवान व होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे। शहर के सेंटर हॉट स्पॉट तापड़िया बगीची से आगे किसी भी प्रकार के वाहन आगे नहीं जा सकेंगे। जाट बाजार, सूरजपोल व शीतला चौक की ओर जाने वाले लोग स्टेशन रोड होते हुए तापड़िया बगीची से आगे नहीं जा सकेंगे। त्योहारों पर खरीददारी को देखते हुए बाजार को जाम मुक्त रखने के लिए ये डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। सीकर ट्रैफिक इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि दूजोद गेट, फतेहपुरी गेट, नानी गेट, चांदपोल गेट समेत शहर के भीतरी बाजार में वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके। सीआई कृष्ण कुमार ने बताया कि सालासर रोड से आने वाले लोग बजाज रोड होते हुए या अजमेर स्टैंड से 2 नंबर डिस्पेंसरी होते हुए आ सकेंगे। वहीं ईदगाह, तहसील के सामने वाली सड़क से भी शहर में वाहन प्रवेश कर सकेंगे। जाम वाली जगहों पर एक्स्ट्रा ट्रैफिक पुलिसकर्मी रहेंगे सीकर में सिल्वर जुबली रोड, जयपुर रोड, फतेहपुर रोड, नवलगढ़ रोड, पिपराली रोड, राणीसती रोड सहित शहर की चारदीवारी क्षेत्र के बाहर जाने वाले सभी रास्ते खुले रहेंगे। बजरंग कांटा, डिपो तिराहा, राणी सती चौराहा पर भी ट्रेफिक के दबाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सीकर शहर में एंट्री के प्रमुख चौराहाें पर रहेंगे ट्रैफिककर्मी टीआई कृष्ण कुमार ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 30 जवान एक्स्ट्रा लगाए जा रहे हें। वहीं, होमगार्ड के जवान अलग से नियुक्त किए जाएंगे। शहर के पिपराली चौराहा, नानी चौराहा, गोकुलपुरा चौराहा, सांवली चौराहा, बगिया होटल चौराहा सहित शहर के सभी प्वाइंट्स पर ट्रैफिक कर्मी तैनात रहेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहन मुख्य मार्ग पर पार्क नहीं करें। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें, जिससे यातायात संचालन में बाधा नहीं आए।
