सीकर में बीती रात से ही ठंडी हवाएं चल रही है। आज यहां पर तापमान में साढ़े 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले यहां पर सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
सीकर में घने कोहरे के अलर्ट के बीच आज पलसाना और रानोली सहित आसपास के इलाकों में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी केवल 20 मीटर तक रह गई। तापमान में गिरावट होने के चलते आज सुबह फसलों पर ओस भी देखने को मिली। सीकर में अभी आगामी 4 दिनों तक तेज सर्दी का दौर बना रहेगा। 4 फरवरी को भी सीकर में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सीकर में अब आसमान साफ हो गया है। बादल छंटते ही ठंड बढ़ गई है। सीकर-जयपुर नेशनल हाईवे से सटे गांवों में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। सीकर के पलसाना कस्बे में घना कोहरा होने की वजह से विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम रही। सीकर समेत शेखावाटी इलाके के मौसम में नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है। सुबह-शाम तेज सर्दी पड़ रही है, आज सुबह न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक तापमान स्थिर रहेगा।
इससे पहले सोमवार तक सीकर इलाके में न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी, लेकिन आज एक बार फिर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के करीब आ गया है। सीकर जिले में सोमवार को बादल छंटते ही दिन में धूप खिली, इस वजह से दिन के अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। सीकर जिले में 4 फरवरी तक कोहरे का अलर्ट है तो वहीं 8 फरवरी को नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने का अनुमान है।
