सीकर में जिला परिषद चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच के बाद 44 प्रत्याशियों के 53 पर्चे निरस्त कर दिए गए हैं। इनमें RLP के वार्ड नंबर 36 के प्रत्याशी मोहनलाल का नामांकन भी शामिल है। वहीं, 8 प्रत्याशियों के दोहरे नामांकन फॉर्म मर्ज किए गए हैं। अब सोमवार को नाम वापसी होगी, जिसके बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि सीकर में 13 से 16 अक्टूबर तक 225 प्रत्याशियों ने 242 नामांकन दाखिल किए थे। आज फार्म स्क्रुटनी के दौरान 44 प्रत्याशियों के 53 नामांकन पार्टी सिंबल आवंटित नहीं होने और डॉक्यूमेंट्स के अभाव के कारण रद्द कर दिए गए। वहीं, 8 प्रत्याशियों के दोहरे(डबल) नामांकन को मर्ज कर दिया गया है। आज नामांकन फार्म की छंटनी के बाद 181 प्रत्याशियों के 181 नामांकन वैलिड पाए गए। सीकर जिले में दूसरे चरण के तहत जिला परिषद और 6 पंचायत समितियों में नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा) का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला परिषद सदस्यों के नामांकन प्रक्रिया के दौरान पहले दिन (13 अक्टूबर) 3, दूसरे दिन (14 अक्टूबर) 19, तीसरे दिन (15 अक्टूबर) 61 और चौथे दिन (16 अक्टूबर) सर्वाधिक 159 नामांकन फार्म भरे गए थे। जिले की 6 पंचायत समितियों- अजीतगढ़, खंडेला, नीमकाथाना, पाटन, पिपराली और श्रीमाधोपुर के कुल 140 वार्डों के लिए 609 उम्मीदवारों ने 635 नामांकन पत्र दाखिल किए। जांच के बाद 58 नामांकन खारिज और 11 डिस्कार्ड होने के उपरांत 566 प्रत्याशी वैध रूप से चुनावी दौड़ में बने हुए हैं। नाम वापसी के बाद सीकर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की प्रत्याशियों की असली तस्वीर साफ होगी।
