देश के चर्चित टैलेंट हंट रियलिटी शो ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ के मंच पर आज सीकरवासी पहुंचे। राजस्थान के सीकर जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान प्रिंस एजुहब के 1000 से भी अधिक छात्र-छात्राओं ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की सामूहिक प्रस्तुति देकर न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश में देशभक्ति का अद्भुत समां बांधा। यह परफॉर्मेंस आज रात साढ़े 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर ब्रॉडकास्ट हुई। प्रिंस एजुकेशन ग्रुप के साथ ही सभी सीकरवासियों के लिए ये परफार्मेंस काफी रोमांचक रही। प्रिंस एजुकेशन ग्रुप के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय मंच पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। शो में प्रसिद्ध गायक शान, अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा और नवजोत सिंह सिद्धू बतौर जज मौजूद रहे। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा भी बच्चों के सुर में सुर मिलाती नजर आईं। 1100 से अधिक स्टूडेंट्स ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम’ गाकर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया। सोनी टीवी और सोनी लिव ऐप पर आज रात साढ़े 9 बजे इंडियाज गॉट टैलेंट का प्रसारण किया गया।