सीकर के रींगस के परसरामपुरा के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जवान मुकेश कुमार गुर्जर का बिहार में निधन हो गया। वे ड्यूटी के दौरान छत से गिर गए थे। शनिवार रात करीब दो बजे उनकी पार्थिव देह रींगस थाने पहुंची। दोपहर 12.15 बजे रींगस थाने से तिरंगा यात्रा रवाना हुई, जो उनके घर पहुंची। सैन्य सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई। बेटे दीपक ने पिता को मुखाग्नि दी। मोतिहारी में तैनात थे, चुनाव ड्यूटी के लिए मुजफ्फरपुर भेजा था परिजनों ने बताया-मुकेश कुमार गुर्जर (38) पुत्र नानूराम गुर्जर सशस्त्र सीमा बल की 71वीं बटालियन में बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में तैनात थे। कुछ दिन पहले ही उन्हें बिहार के मुजफ्फरपुर में चुनाव ड्यूटी के लिए भेजा गया था। वहां 24 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे वे छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 2013 में एसएसबी जॉइन की थी मुकेश कुमार ने 29 जून 2013 को एसएसबी जॉइन की थी। 10 नवंबर को उनका जन्मदिन आने वाला था। जन्मदिन से 16 दिन पहले ही उनका निधन हो गया। मुकेश के परिवार में उनकी बेटी पायल और बेटा दीपक हैं। वे चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर के थे। उनके पिता नानूराम गुर्जर राजस्व विभाग से तहसील रीडर के पद से सेवानिवृत्त हैं। मुकेश के बड़े भाई राजेश गुर्जर अरब देशों में नौकरी करते हैं, जबकि छोटे भाई मनोज घर पर खेती-बाड़ी का काम संभालते हैं। उनकी बहन पिंकी शादीशुदा हैं। जवान की अंतिम यात्रा के PHOTOS
