मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने अफसरों को जनता से जुड़ी हर शिकायत को गंभीरता से लेने और जल्दी उसका समाधान करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा- महीने में एक बार राजस्थान संपर्क दिवस मनाने के आदेश दिए हैं। इस दिन लोगों से सीधे बातचीत की जाएगी। लोगों की शिकायतों को अब रोज विभाग के सचिवों को भेजा जाएगा। वहीं उनके समाधान की रिपोर्ट संबंधित मंत्री को भेजी जाएगी। मुख्य सचिव ने हेल्पलाइन को नेक्स्ट जेन राजस्थान संपर्क के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- राजस्थान संपर्क को देश की सबसे प्रभावी और नागरिक-केंद्रित हेल्पलाइन बनाया जाए। लोगों की शिकायतों का तेज गति से और प्रभावी निपटारा भी किया जाए। विभाग के सचिव 10 लंबित शिकायतों की रोज समीक्षा करेंगे, रिपोर्ट मंत्री को भेजेंगे
मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने अफसरों से कहा- हर महीने विभागवार शिकायतों का डेटा तैयार कर संबंधित विभागों के सचिवों को भेजा जाए। हर सचिव रोज कम-से-कम 10 लंबित शिकायतों की व्यक्तिगत समीक्षा करें और उसकी रिपोर्ट संबंधित मंत्री को भेजें। विभागों में शिकायत निवारण के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक मुख्य सचिव स्तर पर नियमित रूप से होगी। लोगों की शिकायतों को निपटाने में एआई का इस्तेमाल हो, हर महीने राजस्थान संपर्क दिवस
मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने महीने में एक बार राजस्थान संपर्क दिवस मनाने के आदेश दिए हैं। इस दिन लोगों से सीधे बातचीत की जाएगी। इस दिन ई-मित्र, सीएससी लेवल एंटरप्रेन्योर के जरिए भी मुख्य सचिव स्तर पर जनता से जुड़ने की व्यवस्था रहेगी। मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने अफसरों से कहा- जनता से जुड़ी शिकायतों के समाधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का ज्यादा से ज्यादा उपयोग कर काम में तेजी लाएं। इसके लिए आईआईटी जोधपुर और एमएनआईटी जयपुर से संपर्क कर लेटेस्ट तकनीक को शामिल करने को कहा। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर चैटबॉट को एक्टिव बनाने के निर्देश दिए। राजस्थान हेल्पलाइन सेंटर का निरीक्षण कर दिए कई टास्क मुख्य सचिव ने गुरुवार को सचिवालय में राजस्थान संपर्क और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 के ऑपरेशनल सेंटर का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने हर डेस्क पर जाकर हेल्पलाइन के कामकाज की जानकारी ली और वहां मौजूद अफसरों और कर्मचारियों से इसे लेकर सवाल किए और आगे के लिए जरूरी टास्क दिए।