करौली में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- महिलाएं भारत की अर्थव्यवस्था और परिवार की धुरी हैं। उनकी मेहनत और समर्पण का कोई मुकाबला नहीं है। सुबह के अंधेरे में उठकर घर का कामकाज संभालना, परिवार के लिए भोजन तैयार करना, पशुओं की देखभाल करना और फिर कड़ी धूप में खेतों में कंधे से कंधा मिलाकर काम करना, ये अदम्य साहस और शक्ति का प्रतीक है। सीएम भजनलाल बुधवार दोपहर करीब 1ः40 बजे को करौली जिले के टोडाभीम स्थित नांगल शेरपुर पहुंचे। सीएम भजनलाल यहां किसान सम्मेलन को संबोधित करने आए थे। यहां करीब 25 मिनट तक भाषण दिया। हेलीपैड पर मंत्री जवाहर सिंह बेढम और मंत्री डॉ.किरोडी लाल मीणा ने सीएम का स्वागत किया। सभा स्थल पहुंचने पर ग्रामीणों ने हल देकर सीएम का स्वागत किया। सीएम ने हल को अपने कंधों पर रख लिया। ‘महिलाएं बढ़ेगी तो देश बढ़ेगा’
सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा- महिलाएं घर के भीतर ‘मैनेजमेंट’ और खेत में ‘श्रम’, दोनों मोर्चों पर बिना थके डटी रहती हैं। भारत में खेती के कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक है, चाहे वो बुवाई हो, निराई हो या फसल की कटाई। इसके अलावा दूध उत्पादन और मवेशियों की सेवा में भी उन्हीं का मुख्य योगदान रहता है। ऐसी कर्मठ मातृशक्ति को सम्मान देना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा- हमारी माताएं-बहनें आगे बढ़ेगी तो हमारा देश आगे बढ़ेगा। किसानों को आधुनिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए
विपक्ष पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा- हम आलू से सोना नहीं बना सकते, हम तो धरातल पर काम करने वाली सरकार हैं। आलू से सोना तो और ही कोई ही बनता है। वहीं, किसानों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा- किसानों को परंपरागत खेती से हटकर आधुनिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए। वहीं, उन्होंने कहा- जिन्होंने 75 साल राज किया, क्या उन्होंने कभी किसान सम्मान निधि दिया, आज हमारी केंद्र और राज्य सरकार का मैसेज आपको आता है तो कितनी खुशी होती है ? किसानों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा- किसानों का दर्द मुझसे ज्यादा कोई नहीं समझता, मैंने भी रातों में खेतों में सिंचाई की है और खेती में मैंने भी खूब काम किया है। हमारी सरकारी किसानों के लिए बेहतर से बेहतर कार्य कर रही है। सीएम बोले- घासीराम बाबा सड़क मार्ग बनेगा
सीएम ने डॉ.किरोड़ी लाल से मजाकिया अंदाज में कहा कि घासीराम बाबा का सड़क मार्ग बन जाएगा, चूंकि बाबा की सड़क की मांग बाबा (मंत्री किरोड़ी लाल) ने की है। साथ ही मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की अनिकट बनाने की मांग पर कहा- उसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है, आप जो कहेंगे वो काम होगा।
सीएम ने कहा- डबल इंजन की सरकार है, अब तक राजस्थान में कोई भी पेपर लीक नहीं होने दिया है। प्रदेश के युवाओं के साथ जिन्होंने धोखा किया है, उनकी जगह जेल में है। सभा के दौरान सीएम ने कहा- नांगल शेरपुर में कॉलेज बनाया जाएगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ.किरोडी लाल मीणा, मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, आईजी कैलाश विश्नोई और संभागीय आयुक्त, सपोटरा विधायक हंसराज बालोती, करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर भी मंच पर मौजूद रहे। देखें कार्यक्रम से जुड़े PHOTOS कृषि विभाग ने लगाई प्रदर्शनी
सभा स्थल के पास कृषि विभाग द्वारा एक प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने यहां फार्म पॉण्ड, जैविक खेती और ड्रोन से नैनो यूरिया के छिड़काव जैसी आधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। जिले की मुख्य फसल ‘तिल’ को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया था। दो बड़े डोम बनाए, 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
कार्यक्रम के लिए भव्य तैयारियां की गई थी। लगभग 25 हजार लोगों के बैठने के लिए 100 फीट चौड़े और 500 फीट लंबे दो डोम बनाए गए हैं। गर्मी और बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट और पंखों की व्यवस्था भी की गई थी। पुलिस जवान तैनात, रूट डायवर्ट किया
सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभा स्थल पर 1300 पुलिस जवान तैनात किए गए थे। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए हिंडौन-गुढ़ाचंद्रजी सड़क को डायवर्ट किया गया था।
