सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा है कि पहले राजस्थान की स्थिति ऐसी थी कि पड़ोसी राज्यों के बदमाश अपराध करने के बाद राजस्थान आ जाते थे। इससे आए दिन परेशानी होती थी। हमारी सरकार बनते ही हमने कहा कि या तो बदमाश राजस्थान में आएगा नहीं, अगर आ गया तो जाएगा नहीं। हमने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया और आज आप लगातार देख रहे हैं कि हमारी पुलिस मुस्तैद है। ऐसा एक भी उदाहरण नहीं है, जिसमें अपराधी 24 घंटे में नहीं पकड़ा गया हो। उन्होंने कहा- हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता कानून का राज और अपराधियों पर कड़ा प्रहार है। हमारा स्पष्ट मानना है कि विकास तभी संभव है, जब समाज में शांति और सुरक्षा का वातावरण हो। सीएम भजनलाल शर्मा आज नारायण विहार सहित 3 नए थानों के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। एफएसएल में सालों तक जांच पेंडिंग रहती थी
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- पिछले दो सालों में हमने राजस्थान पुलिस को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए। हमने एफएसएल को मजबूत करने का काम किया। पहले दो-दो साल तक रिपोर्ट नहीं आती थी। हमने एफएसएल में 123 नए पद स्वीकृत करने का काम किया। इससे जांच समय पर और सटीक तरीके से हो सके। पहले एफएसएल में लोग ही नहीं थे, जांच कहां से करेंगे। जांच रिपोर्ट आने में डेढ़ से दो साल का समय लग जाता था और मामला पेंडिंग हो जाता था। सीएम ने कहा- दरअसल यह मामला पेंडिंग करने का तरीका था। महिला अत्याचार के मामलों में कमी आई
सीएम ने कहा- प्रदेश में अपराध और शिकायतों के स्तर पर सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। इससे प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार गिर रहा है। साल 2023 से साल 2025 में अपराधों में 19.45 प्रतिशत की कमी और 2024 से 2025 में अपराधों में 13.90 प्रतिशत की कमी सामने आई है। एससी अत्याचार में 17.80 प्रतिशत और एसटी अत्याचार के मामलों में 18.77 प्रतिशत की कमी आई है। महिला अत्याचार के मामलों में भी 9.24 प्रतिशत की कमी आई है। जयपुर को मिले तीन नए थाने
सीएम भजनलाल शर्मा ने आज नारायण विहार पुलिस थाना तथा पत्रकार कॉलोनी एवं खोरा बीसल थानों का वर्चुअली शुभारम्भ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा सखियों से संवाद भी किया। इस अवसर पर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी और आमजन उपस्थित रहे।