झुंझुनूं में शनिवार को कुंभाराम लिफ्ट कैनाल की शुरुआत हुई। इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास सीएम भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने किया। ये प्रोजेक्ट करीब 1100 करोड़ का है। इस मौके पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा- जल-जीवन मिशन में बहुत गड़बड़ियां हुई। मोदी साहब ने हमें कहा है- किसी को छोड़ना मत। एक को भी बख्शा नहीं है। कई अधिकारी और एक पूर्व मंत्री भी जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार करने पर जेल में है। कई अधिकारियों को निलंबित किया हुआ है। कई कॉन्ट्रेक्टर को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- राजस्थान मे जलसंचय जनभागीदारी के लिए किया गया काम पीढ़ियां याद रखेगी। मन से काम होता है तो ऊपर वाला भी मेहरबान होता है, इसलिए राजस्थान के सभी बांध भरे हुए हैं। यमुना जल के नाम कांग्रेस की आंखों में पानी तक नहीं है। तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम नहीं किया। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- कांग्रेस ने तो ठेकेदारों को फायदा देने के लिए पाइप ही बदलवा दिए। नकली पाइप लाकर डाल दिए, अब उन पर मुकदमा हो रहा है, जेल हो रही है। गहलोत साहब को दर्द हो रहा है- कह रहे हैं कि ऐसा कर दिया। देखते जाइए चिंता मत करिए, आप जो चाहते है उसे पूरा करके दिखाएंगे।
