सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को दीपावली के पर्व की शुभकामनाएं दी। सीएम ने कहा कि दीपों का यह त्योहार खुशहाली,समृद्धि और हमारे जीवंत परंपराओं का उत्सव है। यह अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि इस दीपावली पर ग्रीन पटाखों का उपयोग करें, जो पर्यावरण के अनुकूल है। वहीं पारंपरिक मिट्टी के दीये की रोशनी को प्राथमिकता दे। सीएम ने कहा कि देश में जीएसटी सुधारों से स्थानीय व्यवसाय को नई ऊर्जा मिली है। इस दीपावली पर खरीदारी करते समय स्थानीय प्रतिभाशाली कारीगरों को प्राथमिकता दें। जब आप स्थानीय कारीगरों से खरीदारी करेंगे तो पारंपरिक कलाएं जीवित रहती है और हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। सीएम ने स्ट्रीट वेंडर्स से की दीपावली की खरीददारी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली की पूर्व संध्या पर स्थानीय दुकानदारों व स्ट्रीट वेंडर्स से खरीदारी कर वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया। वे रविवार को सपरिवार मानसरोवर के किरण पथ स्थित बड़ा बाजार पहुंचे और मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री, रंगोली, बंदनवार और फल खरीदे। सीएम ने कहा कि हमें वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देते हुए स्थानीय दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स से ज्यादा से ज्यादा खरीदारी करनी चाहिए, जिससे उनके घरों में खुशहाली बढ़े। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित उत्पादों का उपयोग कर हमें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान दुकानदारों व स्ट्रीट वेंडर्स से बातचीत भी की साथ ही यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर डिजिटल इंडिया को भी प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर स्थानीय व्यापार संगठनों एवं आमजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत-अभिनन्दन किया।