भिवाड़ी के साथलका गांव स्थित बिल्लू लेबर कॉलोनी में गुरुवार सुबह 7:30 बजे गैस सिलेंडर लीकेज के कारण बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय अचानक आग लगने से एक ही परिवार के सात सदस्य झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया गया। सिलेंडर बदलते समय हुआ हादसा कॉलोनी के रहने वाले संजय कुमार पटेल ने बताया- उत्तर प्रदेश निवासी नेम सिंह (35) अपने परिवार के साथ बिल्लू कॉलोनी में किराए के कमरे में रहते हैं। गुरुवार सुबह परिवार के लिए खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान नेम सिंह दूसरा गैस सिलेंडर बदल रहे थे। सिलेंडर बदलते समय उसमें अचानक लीकेज शुरू हो गया। कुछ ही पलों में कमरे में एलपीजी गैस फैल गई और आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान घर से बाहर भागकर परिवार ने जान बचाई। इस दौरान घर के पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। परिवार के सात सदस्य झुलसे हादसे में नेम सिंह सहित परिवार के सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में नेम सिंह (35), उनकी पत्नी ममता (30), मामा बृजेश (32), पुत्र पंकज (8), पुत्र छगन (6), पुत्री काजल (15) और पुत्री किशनबती (12) शामिल हैं। घटना के समय परिवार के सदस्य कमरे में मौजूद थे, जिससे सभी आग की लपटों की चपेट में आ गए। पड़ोसियों ने बचाई जान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासियों ने साहस दिखाते हुए घायलों को कमरे से बाहर निकाला और आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरता को देखते हुए सभी को अलवर रेफर कर दिया। पुलिस जांच में जुटी भिवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया- घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सिलेंडर में आग लगने के बाद लोगों उसे बाहर खींचकर निकाल रहे हैं। …. यह खबर भी पढ़ें भिवाड़ी अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट- 90% झुलसे युवक की मौत:7 लोग जिंदा जल गए थे, शव कंकाल बने; पॉलीथीन में इकट्ठे किए गए बॉडी पाट्र्स खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा में अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या 8 हो गई है। 90 फीसदी तक झुलसे अनूप सिंह (18) ने रविवार तड़के करीब 3 बजे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
