सिरोही के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल विशिष्ट पूर्व में एक मेगा पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक बैठक) का आयोजन किया गया। यह बैठक प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के सहायक निदेशक श्रवण कुमार जियानी की अध्यक्षता में हुई। इसमें शिक्षा विभाग की ओर से अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) ईश्वर लाल पुरोहित और राउमावि उड़ के प्रिंसिपल विपिन डाबी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। स्कूल की प्रिंसिपल शोभा चारण ने अतिथियों का स्वागत किया और मौजूदगी में सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्राओं की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान में अभिभावकों की समय-समय पर भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
सहायक निदेशक श्रवण कुमार जियानी ने बड़ी संख्या में मौजूद लगभग 350 अभिभावकों से स्कूल के विकास में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षक, छात्र और अभिभावक के त्रिकोण को शिक्षा का अभिन्न अंग बताते हुए उनके बीच आपसी सामंजस्य पर बल दिया। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। सुमन कंवर को 95% अंक प्राप्त करने पर और खुशी चौहान को 82.83% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल करने पर श्रवण कुमार द्वारा पुरस्कृत किया गया।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ईश्वर लाल पुरोहित ने अभिभावकों को 1 अप्रैल से शुरू हो रहे नए सत्र में छात्रों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रीष्म अवकाश से पहले होने वाले प्रथम टेस्ट के मद्देनजर छात्रों की नियमित मौजूदगी और नामांकन बढ़ाने के निर्देश भी दिए। स्कूल का कक्षावार परीक्षा परिणाम भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। उप प्रधानाचार्य गीता शर्मा ने स्कूल में भौतिक संसाधनों को बढ़ाने के लिए सभी अभिभावकों से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम का मंच संचालन खेताराम पुरोहित ने किया। इस दौरान स्कूल परिवार से परीक्षा प्रभारी पदमा सुमन, विद्या कुमारी, प्रतिमा राठौड़, निलेश डाबी, टीना चौहान, वीणा परमार, कल्पना, विमला कुमारी, नीतू सिंदल, शारीरिक शिक्षक वीरेंद्र सिंह राठौड़ और कनिष्ठ सहायक सुरेश कुमार माली व गोवर्धन कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
