राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को दसवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष सिरोही जिले का परिणाम काफी अच्छा रहा है। जिले में रिजल्ट में बेटियों ने बाजी मारी। उनका परिणाम 96.59 प्रतिशत और लड़कों का रिजल्ट 95.57 प्रतिशत रहा। जिले का कुल परिणाम 96.05 प्रतिशत रहा। जिले में इस इस वर्ष कुल 12,466 छात्र-छात्राओं ने दसवीं की परीक्षा दी थी, जिनमें से 11,731 उत्तीर्ण हुए। परीक्षा में 6,647 छात्र और 5,817 छात्राएं शामिल थीं। इनमें से 6,230 छात्र और 5,518 छात्राएं सफल रहीं। राजस्थान में दसवीं बोर्ड परीक्षा में सिरोही जिले में 96.05% अंक होने से सिरोही जिला इस वर्ष 9वें स्थान पर है, जबकि पिछले वर्ष 86.7% अंक होने के कारण राज्य में 23 स्थान पर सिरोही जिला था। परिणाम जारी होने के बाद माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतें आईं, जिससे कई छात्र अपना रिजल्ट नहीं देख पाए। हालांकि, निजी वेबसाइटों पर परिणाम उपलब्ध थे।