फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी सास और साले की प्रताड़ना से तंग आकर नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने मृतक के साले और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव दालोमाजरा निवासी जोगिंदर चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जोगिंदर पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में था। आरोप है कि उसने अपने साले के विवाह के लिए करीब 2 लाख रुपए का कर्ज लिया था। शादी होने के बाद जब उसने पैसे वापस मांगे तो विवाद शुरू हो गया। 4 दिन बाद नहर से मिला शव मृतक के पिता सुरेश चौहान ने बताया कि उनके बेटे ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था। इस नोट में उसने अपनी सास और साले को अपनी परेशानी और मानसिक तनाव का जिम्मेदार बताया है। परिवार का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर दोनों ने जोगिंदर को लगातार परेशान किया और उसके साथ मारपीट भी की। 6 जून 2026 को जोगिंदर ने सरहिंद-पटियाला रोड पर गांव आदमपुर के पास नहर में छलांग लगा दी थी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 10 जून को उसकी लाश पटियाला के जयनगर इलाके के पास नहर से बरामद हुई। सुसाइड नोट के आधार पर सास-साले पर FIR मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मृतक के साले गुरप्रीत सिंह और सास सोमा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई मान सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आर्थिक लेन-देन और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
