संगरूर के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंगलवार को लोकसभा में रेलवे की कार्यप्रणाली और आम जनता को होने वाली दिक्कतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से आम आदमी के लिए रेल सुविधाओं में सुधार की मांग की। सांसद मीत हेयर ने बताया कि देश में वर्तमान में 13 हजार पैसेंजर रेलगाड़ियां चल रही हैं, जबकि आवश्यकता 68 हजार की है। अमृत भारत स्टेशन योजना की ओर भी दिलाया ध्यान पंजाब के परिप्रेक्ष्य में बात करते हुए, उन्होंने राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू का ध्यान अमृत भारत स्टेशन योजना की ओर दिलाया। इस योजना के तहत पंजाब के 23 स्टेशनों का चयन हुआ था, जिसमें सुनाम, संगरूर और धूरी भी शामिल हैं। धूरी का काम लंबित होने के कारण पिछले सात महीनों से वहां स्पेशल रेलगाड़ी नहीं लगी है, जिससे बरनाला, धूरी और संगरूर के शेलरों में जगह नहीं बची है और आने वाले सीजन की फसल के लिए बड़ी समस्या पैदा हो गई है। टिकटों की वेटिंग से होती है परेशनी मीत हेयर ने टिकटों की वेटिंग का जिक्र करते हुए कहा कि यह तीन सौ से चार सौ तक चली जाती है, जो यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती है। उन्होंने सरकार द्वारा वंदे भारत और राजधानी जैसी रेलगाड़ियों की शुरुआत का स्वागत किया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की अस्सी प्रतिशत आबादी राशन पर निर्भर है और 97 प्रतिशत लोग सामान्य रेलगाड़ियों में सफर करते हैं, जबकि महंगे किराए वाली गाड़ियों में केवल तीन प्रतिशत लोग ही यात्रा कर पाते हैं। इसलिए, उन्होंने सरकार से गैर-वातानुकूलित रेलगाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी करने का आग्रह किया। कोविड-19 के समय से बंद रियायतों को शुरू करने की मांग मीत हेयर ने कोविड-19 के समय बंद की गई रियायतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि बुजुर्गों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और मरीजों के लिए रियायतें दोबारा शुरू की जानी चाहिए, क्योंकि उनके लिए अभी भी आर्थिक तौर पर कोविड जैसे हालात ही बने हुए हैं।