चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर में दो महीने बाद खुला भंडार इस बार पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकता है। सोमवार को सत्संग भवन में तीन राउंड की दान पेटियों की गिनती पूरी की गई। तीसरे राउंड में 7 करोड़ 8 लाख 80 हजार रुपए निकले। तीनों राउंड मिलाकर कुल 27 करोड़ 97 लाख 80 हजार रुपए का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। मंदिर मंडल के अनुसार, चौथे राउंड की गिनती मंगलवार को होगी। वहीं सोने और चांदी का तौल आखिरी दिन किया जाएगा। साल 2024 में दिवाली के बाद खुले भंडार में दो महीने में 35 करोड़ रुपए का दान आया था, जो अब तक का सबसे ज्यादा दान का रिकॉर्ड है। पहले राउंड में निकले थे 12 करोड़
मंदिर प्रशासन के अनुसार- इस बार दिवाली के बाद मंदिर का भंडार 19 नवंबर को खोला गया था। उसी दिन पहले राउंड की गिनती की गई, जिसमें 12 करोड़ 35 लाख रुपए निकले थे। अमावस्या और वीकेंड पर रुकी गिनती
मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि 20 नवंबर को अमावस्या होने की वजह से काउंटिंग नहीं हुई। अमावस्या के दिन मंदिर में भीड़ ज्यादा होती है तो सभी व्यवस्थाओं में रहते हैं। 21 नवंबर को दूसरे राउंड की गिनती हुई। इस राउंड में 8 करोड़ 54 लाख रुपए की धनराशि निकली। इसके बाद शनिवार और रविवार को गिनती नहीं की गई, क्योंकि दोनों दिन मंदिर में भीड़ ज्यादा रहती है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वीकेंड पर काउंटिंग बंद रखी गई। सोमवार की सुबह राजभोग आरती के बाद तीसरे राउंड की गिनती शुरू हुई। मंदिर मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा प्रबंधों की मौजूदगी में दिनभर काउंटिंग का काम लगातार चलता रहा। शाम तक तीसरा राउंड पूरा होने पर 7 करोड़ 8 लाख 80 हजार रुपए की राशि सामने आई। सोने-चांदी का तौल आखिरी दिन होगा
मंदिर प्रशासन ने बताया कि दान पेटियों की गिनती अभी जारी रहेगी। मंगलवार को अगला चरण रखा गया है। इसके बाद अंतिम दिन सोने और चांदी की वस्तुओं का तौल किया जाएगा। ……. ये खबर भी पढ़िए… सांवलिया सेठ के भंडार से निकले रिकॉर्ड 35 करोड़ रुपए:इस बार 2 महीने बाद काउंटिंग; 2 किलो से ज्यादा सोना और 188 किलो चांदी मिली चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर में इस बार दान का रिकॉर्ड बना है। दो महीने में सांवरा सेठ मंदिर में करीब 35 करोड़ रुपए का दान मिला है। पूरी खबर पढ़िए
