अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सलूंबर जिले में अपना 78वां स्थापना दिवस ‘राष्ट्रीय छात्र दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर जिले की सभी नगर इकाइयों, जैसे सलूंबर, सेमारी, झल्लारा, सराड़ा और लसाड़िया में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम सेमारी के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित हुआ। यहां एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर स्कूल परिसर में व्यापक साफ-सफाई की। इस दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और सभी विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित परिसर बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। सलूंबर जिला मुख्यालय पर हाड़ा रानी महाविद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम हुए। कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और आमजन को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। परिषद पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों से भी शिष्टाचार भेंट कर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। जिला संयोजक केहित सेवक ने कहा – एबीवीपी केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना विकसित करने वाला संगठन है। उन्होंने बताया कि 1949 से लेकर अब तक परिषद छात्र हितों की रक्षा और समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रही है, और भविष्य में भी राष्ट्रहित एवं छात्र कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। नगर मंत्री प्रद्युमन सिंह ने बताया कि परिषद वर्षभर शिक्षण परिसरों में सक्रिय रहकर छात्र हितों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है। स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख डॉ. महेंद्र सिंह चूंडावत का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर नगर मंत्री निखिल भट्ट, प्रांत सदस्य दीक्षित सुथार, जिला समिति सदस्य खुशाल शर्मा, नगर सह मंत्री गौरव भोई, सागर मेहता, हितेश साल्वी, हाड़ा रानी महाविद्यालय इकाई सचिव पूजा गोस्वामी, जिला छात्रा प्रमुख तनीषा गहलोत, जिला समिति सदस्य शुभम गर्ग, भावेश जोशी, गजेंद्र सिंह, पवन सुथार, जया बामनिया, सुजल जैन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
