उदयपुर-बांसवाड़ा मेगा हाईवे पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा टल गया। सलूम्बर बाईपास रोड पर वेशमा गांव के पास महुआ से भरा ट्रक गलत दिशा से आ रही कार को बचाने के प्रयास में बेकाबू होकर पलट गया। बता दे क ट्रक मध्य प्रदेश के अलीराजपुर से उदयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से गलत दिशा में आ रही कार को बचाने के लिए चालक ने अचानक मोड़ लिया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही सलूम्बर थाना पुलिस के आसूचना अधिकारी ईश्वर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यातायात को नियंत्रित किया और कुछ ही समय में मार्ग को सुचारू करवा दिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक पलटने के कारण कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई।
