सलूंबर के अमरपुरा गांव में रविवार 02 नबंवर को सर्व समाज द्वारा तुलसी विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर सुबह भगवान शालिग्राम की बारात हिम्मतराम रोडजी गर्ग के निवास से धूमधाम से निकाली गई। बारात में भक्त हाथी-घोड़े, पालकी और ढोल-नगाड़ों के साथ “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष करते हुए नाचते-गाते शामिल हुए। यह शोभायात्रा पूरे गांव में निकाली गई, जिससे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। बारात धनराज पटेल के निवास स्थान पर पहुंचने के बाद, वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विधि-विधान से विवाह संस्कार संपन्न हुआ। विवाह मंडप में मोड़जी कचराजी पटेल, देवीलाल खे्मजी पटेल, असित विश्वास, देवीलाल पूंजाजी वातड़ा और मनीष सोनी ने पूर्णाहुति दी। कलश पूजन में पूंजालाल पटेल, हीरालाल भरोड़, प्रकाश वातड़ा, सुन्दर पटेल और मनीष सोनी ने भाग लिया। तुलसीजी के मामा की भूमिका हीरालाल तलावत ने, बुआ की भूमिका रतन तलावत ने और काकी की भूमिका प्रेमजी भरोड़ ने निभाई। मायरा भरने का कार्य हीरालाल और मोडीलाल द्वारा किया गया। इस पूरे कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे भक्तिमय वातावरण बना रहा। तुलसी विवाह के मौके पर गांव में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। यह आयोजन सर्व समाज की एकजुटता और पारंपरिक आस्था का प्रतीक बना, जो गांव में धार्मिक सद्भाव और संस्कृति के संरक्षण को दर्शाता है।
