मोगा में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे मुफ्त एचपीवी टीकाकरण अभियान पर एक जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने की। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम में एचपीवी वैक्सीन बहुत प्रभावी और सुरक्षित है। उन्होंने यह भी बताया कि यह वैक्सीन निजी अस्पतालों में महंगी मिलती है, लेकिन पंजाब सरकार इसे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मुफ्त उपलब्ध करा रही है। 14 वर्ष की लड़कियों को लग रहा टीका अभियान के पहले चरण में 14 वर्ष की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मेडिकल अधिकारियों की निगरानी में टीका लगाया जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कुछ साल पहले बठिंडा और मानसा जिलों में इसका सफल पायलट प्रोजेक्ट चलाया था, जिसके बाद अब इसे पूरे पंजाब में लागू किया जा रहा है। मुफ्त टीकाकरण अभियान का लाभ उठाने की अपील डिप्टी कमिश्नर ने मोगा के निवासियों से अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के लिए इस मुफ्त टीकाकरण अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।बैठक में सिविल सर्जन मोगा डॉ. रमणदीप सिंगला, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अशोक सिंगला, ब्लॉकों के सभी सीनियर मेडिकल अधिकारी, हरजिंदर कौर बी.ई.ई. तथा आर.बी.एस.के. डॉक्टर और काउंसलर उपस्थित थे।
