जैसलमेर/बाड़मेर. देश की पहली सुरक्षा पंक्ति कही जाने वाली सीमा सुरक्षा बल (सीसुब) के जवान हर मौसम में सीमाओं की निगरानी में तैनात रहते हैं। राजस्थान के सीमांत जिले जैसलमेर और बाड़मेर की पाकिस्तान से सटी सीमा की सुरक्षा का दायित्व इसी बल के कंधों पर है। जैसलमेर जिले की सीमा ४६४ किलोमीटर लंबी है और बाड़मेर जिले की २२८ किलोमीटर। सीमावर्ती इलाकों में मई-जून की कड़क धूप और ५० डिग्री से अधिक तापमान में भी जवान चौकियों पर अडिग रहते हैं। रेतीले धोरों में बनी चौकियों पर कई बार जवान उपकरणों की मरम्मत और तैनाती करते हैं। वहीं सर्दियों में हाड़ कंपाने वाली ठंड और घुसपैठ जैसे खतरों के बीच भी सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित रहती है। ऑपरेशन गर्म हवा और सर्द हवा जैसी रणनीतियों से हर मौसम में सुरक्षा की कवायद जारी रहती है।
