भास्कर न्यूज | बाड़मेर पूर्व सांसद कर्नल मानवेंद्र सिंह जसोल की सरहद समृद्धि यात्रा गुरुवार को तीसरे दिन आधा दर्जन गांवों में पहुंची। कर्नल मानवेंद्र सिंह के समक्ष सबसे बड़ा मुद्दा सरहदी पाक विस्थापित परिवारों ने सामने रखा। समृद्धि यात्रा सोमराड, कृष्ण का तला,आगिन शाह का तला, गोहड़ का तला, सैयद मोजी खान का तला, तालसर, स्वरूप का तला, मीये का तला ,मीठडाऊ आदि गांवों में पहुंची। जहां जगह-जगह कर्नल मानवेंद्र सिंह का स्वागत किया। विस्थापित परिवारों को आए 50 साल से अधिक हो गए इसके बावजूद इन परिवारों को आज तक कृषि भूमि का आवंटन नहीं हुआ। जबकि सैकड़ों आवेदन जिला प्रशासन के पास पेंडिंग हैं। कर्नल मानवेंद्र सिंह ने कहा कि सरहदी क्षेत्रों के सैकड़ों पाक विस्थापित परिवारों को अब तक भूमि आवंटन नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटन से वंचित पाक विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन के लिए संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों और मंत्रियों के साथ विचार विमर्श करेंगे। आवंटन में आ रही बाधाओं को दूर करने के प्रयास करेंगे । गोहड़ का तला, सैय्यद मौजी खा का तला में विकास रथ यात्रा पहुंची। कर्नल मानवेंद्र सिंह ने इस यात्रा में शामिल हुए तथा ग्रामीणों को राज्य सरकार की दो साल की उपलब्धियों के बारे में बताया।
