ब्यावर जिले में माइन धारकों का सर्वे करने पहुंची टीम पर निवर्तमान सरपंच और ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सर्वे शुरू होते ही लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इंजीनियर और महिला फोरमैन से मारपीट करने लगे। टीम का ड्रोन भी तोड़ दिया। टीम जान बचाकर कार से भागने लगी तो लोगों ने पथराव कर दिया। जोधपुर से गए इंजीनियर की गाड़ी भी टूट गई। घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे अतीतमंड गांव की है। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें सरपंच माइनिंग टीम के साथ झगड़ा करते नजर आ रहा है। माइन धारकों का ड्रोन सर्वे करने पहुंची थी टीम
साकेत नगर थानाधिकारी जितेंद्र फौजदार ने बताया- माइनिंग विभाग की टीम शाम करीब 4 बजे अतीतमंड गांव में माइन धारकों का ड्रोन सर्वे करने पहुंची थी। सर्वे शुरू होते ही निवर्तमान सरपंच दुष्यंत सिंह सहित कुछ लोगों ने गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी। वरिष्ठ माइनिंग फोरमैन अनिता वीर चंदानी और इंजीनियर प्रितेश के साथ मारपीट की। प्रितेश के कान और कनपटी पर गंभीर चोटें आई हैं। पथराव कर दो वाहनों को किया क्षतिग्रस्त
थानाधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने पथराव कर सरकारी वाहन और जोधपुर से आए इंजीनियर प्रितेश के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पथराव शुरू होते ही टीम कार में बैठकर किसी तरह जान बचाकर भागी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्रोन सर्वे का विरोध कर रहे थे लोग
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध खनन से जुड़े लोग ड्रोन सर्वे नहीं होने देना चाहते थे। इसी कारण ग्रामीणों को उकसाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने निवर्तमान सरपंच को किया डिटेन
पुलिस ने निवर्तमान सरपंच दुष्यंत सिंह डिटेन किया है। इसके साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
