प्रदेश में आज (1 अप्रैल) से स्कूलों का नया सेशन शुरू हो चुका है। शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस बार कैलेंडर में छुट्टियों और एग्जाम समेत कई बड़े बदलाव किए गए हैं। नए कैलेंडर के अनुसार, सबसे बड़ा बदलाव सर्दी और गर्मी की छुट्टियों को लेकर किया गया है। स्कूलों में जयंती विशेष या स्पेशल डे पर होने वाले इवेंट जो चौथे पीरियड के बाद यानी हाफ डे में होते थे, वे अब प्रार्थना सभा या फर्स्ट पीरियड तक ही होंगे। बाकी पूरे दिन क्लास लगेगी। नवंबर में केवल 14 दिन ही स्कूल खुलेंगे। वहीं ईयरली एग्जाम मार्च में पूरे करवा कर 25 मार्च तक रिजल्ट भी घोषित कर दिया जाएगा। इस बार के सत्र में पूरे साल 121 दिन की छुट्टियां रहेंगी। इसमें 52 रविवार हैं। जबकि 69 अन्य अवकाश, जिसमें सरकारी छुट्टियां भी शामिल हैं। 244 दिन स्कूल खुलेंगे। जुलाई में सबसे ज्यादा 27 दिन स्कूल चलेंगे। जून में सबसे कम 7 दिन ही स्कूल खुलेंगे। पिछले सेशन में 236 वर्किंग डे थे। 129 दिन छुट्टी थी। इस बार 8 सार्वजनिक छुट्टी कम कर दी गई है। गर्मी की छुटि्टयों के बाद 22 जून को खुलेंगे स्कूल गर्मी की छुटि्टयां 17 मई से शुरू होंगी, जो 20 जून तक हैं। 21 जून का रविवार है। ऐसे में स्कूल 22 जून से खुलेंगे। पहले स्कूल 1 जुलाई को खुलते थे। प्रिंसिपल पावर की छुट्टी को लेकर भी बदलाव किया गया है। पहले प्रिंसिपल को अपने स्तर पर दो छुट्टी करने का अधिकार था, उसे अब घटाकर एक दिन का ही कर दिया है। इधर, दीपावली की छुट्टियां 11 दिन की कर दी गई हैं। ये 4 से 15 नवंबर तक रहेंगी। सर्दी की छुटि्टयां 1 से 10 जनवरी 2026 तक होंगी। इस सत्र में डिजिटल एजुकेशन पर सबसे ज्यादा फोकस इस बार डिजिटल एजुकेशन पर सबसे ज्यादा फोकस किया है। इसके तहत स्कूलों में आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही नो बैग डे, बालसभा और पेरेंट्स-टीचर मीटिंग नियमित तौर पर होगी। सितंबर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके साथ ही स्टूडेंट की हेल्थ को लेकर हर महीने ‘शक्ति दिवस’ के तहत आयरन की गोलियां वितरित की जाएंगी। अब पढ़ें हर महीने का कैलेंडर, कब क्या होगा और कितनी छुट्टी रहेंगी… अप्रैल में 23 दिन स्कूल खुलेंगे एग्जाम: 8 से 10 अप्रैल तक सप्लीमेंट्री एग्जाम होंगे। 15 अप्रैल तक रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे। स्पेशल डे: विश्व स्वास्थ्य दिवस। मई में शुरू होंगी गर्मी की छुटि्टयां 17 मई से गर्मी की छुट्टियां शुरू होंगी। 28 मई को वीर सावरकर जयंती और ईद का अवकाश है। लेकिन समर वेकेशन के चलते ये इनमें ही शामिल हैं। एग्जाम: 13 मई से स्कूलों में फर्स्ट टेस्ट शुरू हो जाएंगे। ये 15 मई तक चलेंगे। स्पेशल डे: 7 मई को रविंद्र नाथ टैगोर जयंती। मई में 14 दिन स्कूल चलेंगे। जून में खुलेंगे स्कूल अवकाश: 1 जून से 20 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। 21 जून को रविवार है। 22 जून को दोबारा स्कूल खुलेंगे। 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती का अवकाश है, लेकिन ये भी छुटि्टयों में निकल जाएगा। 26 जून को मोहर्रम का अवकाश रहेगा। जून में महज सात दिन स्कूल खुलेंगे। जुलाई में एक भी अवकाश नहीं जुलाई में रविवार के अलावा कोई दूसरी छुट्टी नहीं रहेगी। क्लास नौवीं से 12वीं तक के एडमिशन 11 जुलाई तक ही हो पाएंगे। अगस्त में होंगे सेकंड टेस्ट एग्जाम: 17 से 19 अगस्त तक सेकंड टेस्ट होंगे। स्पेशल डे: 29 अगस्त को खेल दिवस (मेजर ध्यानचंद जयंती) स्पाेर्ट: 20-21 अगस्त को जिला स्तरीय और 27 से 29 अगस्त को राज्य स्तरीय सब जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता। फॉर्म: अगस्त में ही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की परीक्षाओं के फॉर्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। सितंबर में जन्माष्टमी और श्रीरामदेव जयंती की छुट्टी (नोट: 20 सितंंबर को रविवार है। ऐसे में रविवार और सोमवार की लगातार दो दिन छुट्टी मिलेगी।) शिक्षक सम्मेलन: सरकारी स्कूलों में कार्यरत टीचर्स के शिक्षक सम्मेलन 18 और 19 सितंबर को है। ऐसे में इन दो दिनों में सरकारी स्कूलों में अवकाश है। 20 को रविवार, 21 को सार्वजनिक अवकाश के कारण सरकारी स्कूल 17 के बाद सीधे 22 सितंबर को खुलेंगे। स्पेशल डे: 8 सितंबर को टीचर्स डे और विश्व साक्षरता दिवस। अक्टूबर में बदलेगा स्कूलों का समय समय बदलेगा: अक्टूबर में प्रदेश के स्कूलों का समय भी बदलेगा। एक पारी वाले स्कूलों का समय सुबह 10 से दोपहर 4 बजे तक रहेगा। दो पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 से 5:30 बजे तक चलेंगे। इनमें प्रत्येक पारी पांच घंटे की होगी। एग्जाम: 15 से 29 अक्टूबर तक हाफ ईयरली एग्जाम होंगे। स्पेशल डे: : 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती और इंदिरा गांधी पुण्यतिथि।
नवंबर में दीपावली की छुट्टियां चार से 15 नवंबर तक दीपावली की छुट्टियां रहेंगी। 8 को दीपावली, 9 को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज की छुट्टी है। नवंबर में महज 14 दिन स्कूल खुलेंगे। छुट्टी: 24 नवंबर को गुरुनानक जयंती पर अवकाश रहेगा। 27 और 28 नवंबर को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मेलन होंगे। सरकारी स्कूलों में अवकाश रहेगा, जबकि प्राइवेट स्कूल खुले रहेंगे। 29 नवंबर को रविवार है यानी तीन दिन लगातार अवकाश। इवेंट: 18 से 21 नवंबर तक राज्य स्तरीय विज्ञान मेला होगा। स्पेशल डे: 21 नवंबर को कालीदास दिवस है। इसी दिन स्कूलों में पीटीएम भी होगी। दिसंबर में नहीं होगी सर्दियों की छुट्टी इस बार भी सरकार ने 25 दिसंबर से शीतकालीन अवकाश घोषित नहीं किए हैं। दिसंबर में 25 दिन स्कूल चलेंगे। इस महीने रविवार के अलावा 25 दिसंबर की क्रिसमस की छुट्टी रहेगी। एग्जाम: 17 से 19 दिसंबर यानी तीन दिन तक थर्ड टेस्ट होंगे। स्पेशल डे: 26 दिसंबर को स्कूलों में वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। जनवरी में सर्दी की छुटि्टयां एक जनवरी से सर्दियों की छुट्टियां होंगी। हालांकि इससे पहले 31 दिसंबर को रविवार है। विंटर वेकेशन 10 जनवरी तक चलेंगे। इन वेकेशन के चलते 14 दिन ही स्कूल खुले रहेंगे। 15 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह जयंती का अवकाश है। हालांकि कैलेंडर में इसको मेंशन नहीं किया गया है। इवेंट: 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का अवकाश रहेगा। हालांकि सुबह स्कूल में आयोजन होंगे। स्पेशल डे: 30 जनवरी को शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन रखा जाएगा। फरवरी में केवल एक छुट्टी फरवरी सबसे छोटा महीना है, लेकिन स्कूल 23 दिन संचालित होंगे। रविवार के अवकाश के अलावा एक छुट्टी 13 जनवरी को देवनारायण जयंती की है। एग्जाम: फरवरी में बोर्ड के एग्जाम प्रस्तावित हैं। मार्च में होंगे फाइनल एग्जाम एग्जाम: 8 से 20 मार्च तक स्कूलों में फाइनल एग्जाम होंगे। रिजल्ट: 25 मार्च को स्कूलों में रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
