पंजाब में रविवार को होने वाले जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करते हुए विपक्षी प्रत्याशियों को डरा धमका रही है, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता डरने वालों में से नहीं है। संधू ने कहा कि भाजपा अमृतसर शहरी के अधीन चार ब्लॉक समिति की सीटों पर भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी जहां भी जनता के बीच जा रहे हैं, वहां उन्हें जनता का भरपूर आशीर्वाद तथा समर्थन मिल रहा है। इससे यह बात स्पष्ट है कि जनता अब भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा देश तथा पंजाब की जनता के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं पर पूर्ण भरोसा कर चुकी है। संधू ने कहा कि पंजाब की आप सरकार जान चुकी है कि इस बार उनकी हार निश्चित है, क्योंकि पिछले लगभग पौने चार वर्ष के शासन के दौरान उन्होंने जनता के पक्ष में कोई भी कार्य नहीं किया। इसलिए जैसे विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया था, इस ब्लॉक समिति चुनाव में भी भगवंत मान सरकारी मशीनरी का जमकर कर दुरुपयोग करेंगे। उन्होंने चुनाव आयोग से अनुरोध किया कि जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक समिति चुनाव निष्पक्ष करवाने हेतु आवश्यक कदम उठाएं।
