रायसिंहनगर के समेजा क्षेत्र में मंगलवार 18 नबंवर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में टाटा एस के ड्राइवर की मौत हो गई। 22 पीटीडी के पास एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली और टाटा एस के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। मृतक ड्राइवर की पहचान सुनील कुमार पुत्र बृजलाल, निवासी 4 केपीडी रावला, बीकानेर के रूप में हुई है। सुनील कुमार बीकानेर से सामान लेकर रायसिंहनगर आए थे और वापस बीकानेर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक खाली गुने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी टाटा एस की सीधी टक्कर हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली सलेमपुर की तरफ से आ रही थी। हादसा इतना भीषण था कि टाटा एस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही समेजा पुलिस से एसआई हनुमान प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले की पड़ताल में जुटी है।