पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता कर्नल मानवेन्द्र सिंह जसोल ने बुधवार को अंतरराष्‍ट्रीय सरहद पर बसे नवातला गांव से सरहद समृद्धि यात्रा का आगाज किया। इस दौरान बाखासर से नवातला पहुंचने पर यात्रा का ग्रामीणों ने स्वागत किया। ग्रामीणों के साथ मानवेन्द्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी का कमल झंडा लहराकर यात्रा के दूसरे दिन का आगाज किया। इससे पहले मंगलवार शाम यात्रा बाखासर पहुंची। जहां बाखासर में यात्रा का स्वागत करने हुजूम उमड़ पड़ा। मानवेन्द्र सिंह ने बाखासर में ठा. बलवंत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। यहां ग्रामीणों के साथ जन संवाद के तहत समस्याओं को सुना। विकास के लिए आवश्यक कार्यों पर विस्तृत चर्चा कर सुझाव लिए। सरहद समृद्धि यात्रा का बाड़मेर से लेकर बाखासर तक जगह-जगह स्वागत किया। सणाऊ ,चौहटन, आलमसर, धनाऊ, सेड़वा, साता सहित विभिन्न गांवों में स्वागत किया। इस मौके पर मानवेन्द्र सिंह ने कि सरहद समृद्धि यात्रा का उद्देश्य सरहदी गांवों में आवश्यक सुविधाओं को बहाल कर विकास करना हैं। जनता से प्राप्त सुझावों को सूचीबद्ध कर राज्य सरकार के संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर विकास कार्य स्वीकृत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा की सरहदी गांवों में जितना विकास होना चाहिए था वो नहीं हो पाया। केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने सरहदी गांवों के लिए खास योजनाएं भी लागू की थी, मगर जागरूकता के अभाव में समुचित विकास नहीं हुआ।