भरतपुर में जमीनी विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस दौरान लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की। हमलावर करीब पांच मिनट तक उसे पीटते रहे। मारपीट से युवक मौके पर ही अचेत हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया। हाथ-पैरों में पांच जगह से फ्रैक्चर हो गए। शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। आरोप हैं हमलाकर एक्सचेंज की हुई जमीन को वापस लेना चाहते हैं, जबकि पीड़ित परिवार ने वहां पर मकान बना लिया। घटना खेड़ली मोड़ थाना इलाके में 4 अगस्त की शाम करीब 6 बजे हुई। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पहले देखें … मारपीट की PHOTOS चारा लेकर लौट रहे युवक को रास्ते में रोका FIR में छोंकरवाड़ा कलां निवासी नेमी सिंह ने बताया- मेरा बेटा अरुण सिंह अपनी भतीजी नीतू के साथ बाइक पर पशुओं का चारा लेकर लौट रहा था। जैसे ही दोनों ट्यूबवेल के पास पहुंचे, तभी चचेरे भाई हितेश और बाल बिहारी हथियार लेकर वहां पहुंच गए। अरुण सिंह को रोककर गालियां देने लगे। गाली-गलौज के बाद दोनों युवकों ने अरुण सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में उसके दोनों पैर, हाथ और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया। जान से मारने की धमकी देकर भागे हमले के बाद आरोपी अरुण सिंह और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर नेमी सिंह मौके पर पहुंचे और घायल अरुण सिंह को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसके बाद खेड़ली मोड़ थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश नेमी सिंह ने बताया – मेरा बेटा अरुण और आरोपी हितेश व बाल बिहारी एक ही परिवार के हैं। मेरे पिता और हितेश के दादा ने 5 बिस्सा जमीन आपस में एक्सचेंज की थी। हमने उस जमीन पर मकान बना लिया, जबकि उन्होंने हमारी जमीन पर पशु बांध रखे हैं। करीब दो साल पहले परिसीमन के दौरान खसरा नंबर बदल गए। इसके बाद से हितेश पक्ष हमारी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इसी रंजिश के चलते हमला किया गया। आरोपी पक्ष उनके परिवार के साथ वारदात कर चुका है। इस मामले में कोर्ट पहले ही हितेश और बाल बिहारी के परिवार को पाबंद कर चुका है।