संगरूर जिले के बलवाड कलां गांव में बिजली के ढीले तारों के कारण निकली चिंगारी से करीब 30 एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। यह घटना शनिवार दोपहर को हुई। खेतों में आग लगने से 8 किसानों की मेहनत बर्बाद हो गई। जानकारी के अनुसार, यह आग शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण लगी। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेजी से फैली कि, खेत में खड़ी फसल को बचाना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। प्रभावित किसानों में से एक बलदेव सिंह ने बताया कि इस घटना से उनकी दुनिया उजड़ गई है। उन्होंने कहा, “पहले मौसम ने हमारी फसल को नुकसान पहुंचाया, अब इस आग ने सब कुछ तबाह कर दिया है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को बार-बार फोन करने के बावजूद तब फायर टीम मौके पर पहुंची तो सबकुछ तबाह हो चुका था। सरकार से मुआवजा दिए जाने की मांग इस आग से कुल 8 किसान प्रभावित हुए हैं। इनमें से कई किसानों ने जमीन ठेके पर ली थी, जिससे अब उनके सामने कर्ज चुकाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। किसानों ने प्रशासन और बिजली विभाग के प्रति रोष व्यक्त किया है। किसानों ने पंजाब सरकार से प्रति एकड़ 80 हजार रुपए का मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने खेतों से गुजर रहे नीचे और ढीले बिजली के तारों को तुरंत ठीक करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।