पंजाब के संगरूर जिले में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति ने कनाडा बुलाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए हड़पने की शिकायत दी है। पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर पिता पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है थाना खनौरी क्षेत्र के गांव होतीपुर निवासी ॉशिकायतकर्ता गुरभेज सिंह ने अपने गांव के अमनदीप सिंह और उसके पिता अमीर सिंह के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में उसने आरोप लगाया कि अमनदीप सिंह और उसके पिता अमीर सिंह चार साल पहले उसे कनाडा भेजने का झांसा देकर रुपए लिए थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि न तो उसे कनाडा बुलाया गया और न ही उसकी दी गई 6 लाख रुपये की रकम वापस की गई। माननीय वरिष्ठ कप्तान पुलिस, संगरूर के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कनाडा जाने के लिए उधार लिया था, बोला- वहां पहुंचकर बुला लूंगा गुरभेज सिंह के अनुसार, आरोपी अमनदीप सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार सहित कनाडा जाना चाहता है और यदि गुरभेज उसे 6 लाख रुपये उधार दे दे तो वह कनाडा पहुंचने के बाद उसे भी वहां बुला लेगा। आरोपी की बातों में आकर गुरभेज सिंह ने 1 दिसंबर 2022 को 6 लाख रुपये नकद अमनदीप सिंह और उसके पिता को दिए। बताया गया कि इसके बाद अमनदीप सिंह अपने परिवार सहित कनाडा चला गया, लेकिन गुरभेज सिंह को बुलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जब भी शिकायतकर्ता ने उसे फोन किया, तो आरोपी उसे झूठे आश्वासन देता रहा। वर्ष 2023 में आरोपी ने यह कहकर टाल दिया कि उसकी कनाडा की फाइल रिजेक्ट हो गई है।
