संगरूर जिले में दिड़बा ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे हुए, जब एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने एक कार को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस स्टेशन दिड़बा के एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिकअप चालक शक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। शक्ति राजस्थान के झुंझुनूं जिले के रूपपुरा, तहसील सूरजगढ़ का निवासी है। बेटे को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने जा रहा था परिवार
मुद्दई बहादर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने बेटे बलकरन सिंह और मेजर सिंह के साथ साहिल की कार में बलकरन सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने गए थे। दिल्ली से वापस लौटते समय दिड़बा ओवरब्रिज कट के पास यह हादसा हुआ। बिना हॉर्न दिए गलत साइड से कार को टक्कर मारी
बहादर सिंह के अनुसार, पीछे से आ रही पिकअप गाड़ी के चालक शक्ति ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बिना हॉर्न दिए गलत साइड से उनकी कार को टक्कर मार दी। इस टक्कर से कार में पीछे बैठे मेजर सिंह को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार को भी काफी नुकसान पहुंचा। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मुद्दई बहादर सिंह के बयान के आधार पर आरोपी चालक शक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
