संगरूर जिले के भवानीगढ़ स्थित सकरोदी गांव में खेतों में आग लगने से डेढ़ एकड़ गेहूं की फसल और लगभग 10 एकड़ फाने जलकर राख हो गई। किसानों ने इस घटना का कारण बिजली की ढीली तारों को बताया है और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। यह घटना सुबह हुई। किसान अर्शदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने काकड़ा से सीतावाला जाने वाली सड़क पर सकरोदी की जमीन ठेके पर ली थी। आग लगने से उनकी डेढ़ एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। दमकल टीम ने आग पर पाया काबू अर्शदीप सिंह ने तुरंत गांव में सूचना दी और अग्निशमन दल को बुलाया। गांववासियों और अग्निशमन दल की टीम ने मिलकर आग पर काबू पाया। इस आग की चपेट में आने से चार अन्य किसानों की लगभग 10 एकड़ गेहूं की फाने भी जल गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग मौके पर मौजूद पूरन सिंह सकरौदी और किसान नेता दविंदर सिंह सकरौदी सहित कई किसानों ने घटना पर रोष व्यक्त किया। किसानों का आरोप है कि खेतों में बिजली आपूर्ति की ढीली तारों के कारण यह आग लगी। उनके अनुसार, जब एक कंबाइन मशीन फसल काट रही थी, तो ढीले तार उससे छू गए, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी। किसानों ने की मुआवजे की मांग किसानों ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग से इन ढीली तारों को ठीक करने की कई बार मांग की थी, लेकिन विभाग ने हर बार अनदेखी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तार कंबाइन मशीन को छूते तो जान का नुकसान भी हो सकता था। किसानों ने मांग की है कि इलाके में सभी ढीली बिजली तारों को तुरंत ठीक किया जाए और इस आगजनी में हुए नुकसान के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।