हनुमानगढ़ जिले में संगरिया क्रय विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड, संगरिया की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन बुधवार को व्यापार मंडल सभागार में किया गया। इसमें वार्षिक लेखा विवरण और आगामी वर्ष के लिए एजेंडा अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, वरिष्ठ अतिथि पंचायत सदस्य समिति प्रधान कृष्ण जैन और संगरिया तहसीलदार मोनिका बंसल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समिति अध्यक्ष विजय सिंह नैन ने अपने स्वागत भाषण में वर्ष 2024-25 की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगरिया धान मंडी में समिति की दुकान संख्या 24 पर दशकों पुराने कब्जे को हटवाने, समिति के कार्यालय भवन और दुकान संख्या 24 का पट्टा बनवाने का उल्लेख किया। इसके अतिरिक्त, मूंग समर्थन मूल्य खरीद के तहत मूंगफली के लिए पहली बार संगरिया में केंद्र खुलवाने हेतु संचालक मंडल और पूर्व विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया। महाप्रबंधक भारत भूषण शर्मा ने संस्था का वार्षिक लेखा विवरण और आगामी वर्ष के लिए एजेंडा अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया। प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण जैन ने डीएपी और यूरिया जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए और समिति की उपलब्धियों के लिए संचालक मंडल व कर्मचारियों का आभार प्रकट किया। अंत में समिति उपाध्यक्ष हरदीप सिंह ने वार्षिक साधारण सभा में उपस्थित सभी सहकार बंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिसके साथ आम सभा का समापन हुआ।
