हनुमानगढ़ के संगरिया में शुक्रवार को दिनदहाड़े NCDX व्यापारी विकास जैन (48) की गाेली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले बाइक सवार दोनों मुख्य आरोपियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार पकड़े गए आरोपियों में एक लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर है। गिरफ्तार एक अन्य आरोपी पंचकुला के सोनू माल्टा हत्याकांड में वांछित है। आरोपियों में शामिल एक आरोपी ने आपराधिक गैंग से फंडिंग प्राप्त की साथ ही मुख्य आरोपियों को वाहन उपलब्ध करवाया। मुंह और पेट से निकल रहा था खून बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हेमंत शर्मा ने मंगलवार को बताया कि 12 सितम्बर को नरेश कुमार पुत्र ईश्वर दास अरोड़ा निवासी संगरिया ने संगरिया थाने में रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि उसके पास धानमंडी संगरिया में किराए की दुकान है। दुकान पर वह व उसका पार्टनर विकास जैन बैठता था। 12 सितम्बर की दोपहर करीब दो बजे के आसपास उसने अपने पार्टनर विकास जैन को कॉल की, लेकिन विकास ने कॉल रिसीव नहीं की। इस पर वह दुकान में पहुंचा तो देखा तो विकास जैन फर्श पर गिरा हुआ था और मुंह व पेट से खून निकला हुआ था। उसने आस-पड़ोस के लोगों को बुलाया व विकास को देखा तो उसके गोलियां लगने के निशान थे व फर्श पर खून बिखरा हुआ था। फर्श पर गोलियों के खाली खोखे गिरे हुए थे। वे विकास जैन को अस्पताल लेकर गए तथा पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने विकास जैन को मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान संगरिया थाना प्रभारी अमरसिंह की ओर से शुरू किया गया। हरियाणा के धर्मपुरा से किया दस्तयाब आईजी हेमंत शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक हरी शंकर सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर एफएसएल/एमओबी टीम की ओर से साक्ष्य संकलित किए गए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए दस अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए रवाना किया गया। गठित टीमों ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना संकलित कर आरोपियों की पहचान की तथा उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान सफलता हासिल करते हुए घटना में संलिप्त मुख्य शूटर जलंधर सिंह उर्फ अमृतपाल (27) पुत्र हरदेव सिंह उर्फ काकासिंह, हरदीप सिंह उर्फ दीप (26) पुत्र जसपाल सिंह, मखिन्द्र सिंह उर्फ लवली (25) पुत्र मल्लासिंह व मनप्रीत सिंह उर्फ मनी (26) पुत्र गुरचरण सिंह को धर्मपुरा हरियाणा से दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया। मुख्य शूटर जलंधर सिंह उर्फ अमृतपाल तीन माह पहले पंचकुला के सोनू माल्टा हत्या काण्ड में भी वांछित है। आरोपियों के अन्य सहयोगी एवं पूर्व में दर्ज आपराधिक प्रकरणों के संबंध में अनुसंधान एवं पूछताछ जारी है। हत्याकांड के खुलासे में इन टीमों का रहा योगदान कार्रवाई करने वाली टीमों में संगरिया डीएसपी करण सिंह मय टीम, एससीएसटी सैल हनुमानगढ़ सीओ रणवीर साईं मय टीम, संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह, एएसआई रोहताश कुमार, देवेन्द्र कुमार, हैड कॉन्स्टेबल सुखदेव सिंह, कालूराम, कॉन्स्टेबल मनोज, फारूख, सुखजोत सिंह, संजू, परमजीत, भिन्द्र कौर, मलकेश कुमार, राजेन्द्र कुमार, रामावतार, मनदीप सिंह व जयनारायण, तलवाड़ा झील थाना प्रभारी तेजवंत सिंह। हैड कॉन्स्टेबल कैलाशचन्द्र, कॉन्स्टेबल अमनदीप, राधेश्याम व चेतराम, टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूणा मय स्टाफ, जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ प्रभारी एसआई सुशील कुमार, एएसआई कमलजीत सिंह, हैड कॉन्स्टेबल सुखविंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल हरीश, रिंकू, साह बराम, जोतराम व हर्षवर्धन, साइबर सेल हनुमानगढ़ से हैड कॉन्स्टेबल वाहेगुरु सिंह, रिछपाल सिंह, डॉ. केन्द्र प्रताप व कर्मजीत शामिल रहे। संगरिया थाना के एएसआई रोहताश कुमार व कॉन्स्टेबल सुखजोत सिंह, जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ के एएसआई कमलजीत सिंह, कॉन्स्टेबल हरीश कुमार व जोतराम की विशेष भूमिका रही।