श्रीगंगानगर के ब्लूमिंग डेल्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ‘शिवोत्सव’ कार्यक्रम में रविवार देर शाम को आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर पहुंचे। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक की इस महासत्संग में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों से उमड़े हजारों भक्तों ने प्रवचन सुने, भजन गाए और बच्चों के ‘इंट्यूशन’ डेमो से रोमांचित हुए। साथ ही युवाओं को तनाव मुक्ति, सकारात्मक सोच और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। स्कूल परिसर में शाम होते-होते भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। श्रीश्री रविशंकर ने मंच पर आते ही माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के बच्चों ने ‘अंतर्ज्ञान’ (इंट्यूशन) का लाइव डेमो देकर सबको हैरान कर दिया। रविशंकर ने जीवन के पांच अहम पॉइंट्स बताए। उन्होंने कहा- जीवन जीने की कला के लिए ये पांच प्वाइंट जरूरी हैं। श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि जीवन में शक्ति, मुक्ति, युक्ति व भक्ति जरूरी है। इनके बिना जीवन अधूरा है। श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि रिसर्च में सामने आया है- सुदर्शन क्रिया से इम्यूनिटी पावर 5 गुना बढ़ जाती है।इसलिए रोज प्राणायाम, सुदर्शन क्रिया, ध्यान, योग और मेडिटेशन जरूर करें।
