अयोध्या स्थित श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने सोमवार को नाथद्वारा पहुंचकर प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन किए। स्वामी गोविंद गिरी ने श्रीनाथजी मंदिर में संध्या आरती झांकी के दर्शन कर प्रभु का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मंदिर परंपरा अनुसार बैठकजी में उनका समाधान किया गया। मंदिर के सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य ने उपरना एवं रजाई ओढ़ाकर और श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित एवं मुख्य प्रशासक भारत भूषण व्यास ने स्वामी गोविंद गिरी को श्रीनाथजी की अष्टयाम सेवा एवं पुष्टि मार्ग की परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दर्शन उपरांत स्वामी गोविंद गिरी ने युवाचार्य गोस्वामी विशाल बावा से दूरभाष पर आशीर्वाद लिया और मुंबई पहुंचकर महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लेने की इच्छा जताई। स्वामी गोविंद गिरी ने कहा कि श्रीनाथजी के दर्शन कर उन्हें अत्यंत आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने मंदिर की दर्शन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि ठाकुरजी के दर्शन कर वे अभिभूत हो गए हैं और श्रीजी से प्रार्थना है कि उन्हें बार-बार दर्शन का अवसर प्रदान करें। बता दें कि स्वामी गोविंद देव गिरी पिछले चार दिनों से भीलवाड़ा प्रवास पर हैं। इस दौरान वे नाथद्वारा पहुंचे और श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
