श्रीगंगानगर जिले में पिछले कई दिनों से मौसम ड्राई बना हुआ है। जिससे लोगों को सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है। वहीं न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जिले के ग्रामीण इलाकों में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप निकली, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने जिले में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य बने रहने की संभावना जताई है। दोपहर के समय तेज धूप निकलने से सरसों व चने की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। फसलों में दाने पिचक रहे हैं, उत्पादन में कमी होगी। वहीं, बढ़ रहे तापमान से सिंचाई पानी की मांग भी बढ़ सकती है, जिससे किसान चिंतित हैं।
