श्रीगंगानगर के युवक की सऊदी अरब में ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा दीपावली के दिन 21 अक्टूबर को हुआ। इसके बाद घर में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। युवक छुट्टी के बाद जुलाई में सऊदी अरब गया था। वह जेद्दाह दमाम शहर में ग्लोबल ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चलाता था। भाई बोले-ट्रक में माल लोड कर रहा था युवक के भाई सिमरजीत सिंह (25) ने बताया- बड़ा भाई गुरकीर्तन सिंह (28) निवासी 9 एच (श्रीगंगानगर) वर्क वीजा पर सऊदी अरब के जेद्दाह दमाम शहर में ग्लोबल ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चलाता था। 21 अक्टूबर को दीपावली के दिन गुरकीर्तन दमाम में ट्रक में माल लोडिंग कर रहा था। तभी दूसरे ट्रक के ड्राइवर ने लोडिंग ट्रक गोदाम के बाहर निकाला। ट्रक थोड़ा ही आगे हुआ था और गुरकीर्तन ट्रक के पीछे खड़ा था। इस दौरान ड्राइवर ने अचानक ट्रक पीछे कर दिया और गुरकीर्तन ट्रक की चपेट में आ गया। हॉस्पिटल में मृत घोषित किया घायल गुरुकीर्तन को गंभीर हालत में दमाम शहर के सरकारी हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना गुरकीर्तन के साथ काम करने वाले दोस्तों ने परिजनों को दी। जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई। युवक का शव भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। सिमरजीत ने बताया- मृतक गुरकीर्तन 4 साल पहले ही सऊदी अरब नौकरी करने के लिए गया हुआ था। रक्षाबंधन पर वह घर आया हुआ था। इसके बाद जुलाई में वापस सऊदी अरब चला गया। मृतक अविवाहित था और परिवार की उम्मीदें उस पर टिकी थीं। शव भारत लाने की प्रक्रिया तेज गुरकीर्तन का शव सऊदी अरब से भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है। परिजनों ने कंपनी से संपर्क किया है। परिजनों के अनुसार आज सऊदी के भारतीय दूतावास में छुट्टी थी। इसकी वजह से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। शव आने में दो-तीन दिन का समय लग सकता है। मृतक का छोटा भाई सिमरजीत पढ़ाई कर रहा है।