जयपुर | प्रीमियम मसाला कंपनी श्यामधनी इंडस्ट्रीज के एसएमई आईपीओ को 918 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इसके साथ ही कंपनी का 38 करोड़ रुपए का आईपीओ 24 दिसंबर को बंद हो गया। एसएमई प्लेटफॉर्म पर सब्सक्रिप्शन के लिहाज से यह देश में दूसरा सबसे सफल आईपीओ रहा। आईपीओ को इंस्टीट्यूशनल कैटेगरी में 256 गुना, एचएनआई कैटेगरी में 1613 गुना व रिटेल इंवेस्टर कैटेगरी में 1138 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला। आईपीओ के तहत 10 रु. अंकित मूल्य के शेयर का प्राइजबैंड 70 रुपए तय किया गया था। कंपनी के शेयर 30 दिसंबर को एनएसई इमर्ज प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होने की संभावना है। कंपनी के एमडी रामावतार अग्रवाल ने बताया कि आईपीओ से जुटाई राशि का इस्तेमाल नई मशीनरी खरीदने, सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने, मौजूदा कर्ज का कुछ हिस्सा चुकाने और वर्किंग कैपिटल के लिए किया जाएगा।