कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में एयरपोर्ट के सामने स्थित कलाल सामुदायिक मैरिज गार्डन में बीती देर रात एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के रिश्तेदारों के बीच खाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जिसकी वजह रसमलाई बताई जा रही है। देखते ही देखते यह बहस गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। शादी में रखी कुर्सियां एक-दूसरे पर फेंकी गईं, वहीं हलवाई के बड़े पल्टों का भी हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया। हालात इतने बिगड़ गए कि मैरिज गार्डन के अंदर शुरू हुआ विवाद बाहर सड़क तक पहुंच गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। सूचना मिलते ही विज्ञान नगर थाना पुलिस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में किया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां दोनों की शिकायत दर्ज की गई। थाना अधिकारी मुकेश मीणा के अनुसार, नगर मोहम्मद और आफताब के बीच शुरू हुई कहासुनी धीरे-धीरे बड़े विवाद में बदल गई। झगड़े में दोनों पक्षों के लोगों को हल्की चोटें आई हैं। दो युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भी ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।