ईरान-इजराइल युद्ध का असर अब अप्रैल और मई महीने में होने वाली शादियों पर देखने को मिल रहा है। जिनके घरों में शादियां हैं, वे शादी का पहला कार्ड भगवान गणेशजी को चढ़ाने पहुंच रहे हैं और दूसरा कार्ड डीएसओ कार्यालय में दे रहे हैं। असल में शादी के आयोजन को लेकर सिलेंडर के लिए यह सब करना पड़ रहा है। लोग उदयपुर के कलेक्ट्रेट स्थित रसद विभाग (DSO) के यहां पहुंच रहे हैं और गैस सिलेंडर की मांग की जा रही है। जिलेभर के लोग रसद विभाग कार्यालय में लाइन में लगकर डीएसओ को न्योता दे रहे हैं। बता दें कि वैशाख और ज्येष्ठ महीने में आठ मई तक शादियों के कई लग्न-मुहूर्त्त हैं। इनमें 19, 20, 21, 26 अप्रैल को शादियों के सावे हैं। इसके बाद मई महीने में 5, 6, 7, 8 मई को विवाह के मुहूर्त्त हैं। इन शादियों को लेकर लोग रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के​ लिए रसद विभाग पहुंच रहे हैं। रसद विभाग तक ये प्रक्रिया पूरी करनी होगी एलपीजी संकट के बीच खाद्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि जिनके घरों में शादियां हैं, उन्हें जिला रसद कार्यालय में शादी के कार्ड के साथ आवेदन देना होगा, जिससे कि जरूरत के अनुसार सिलेंडर की व्यवस्था कराई जा सके। इसके तहत शहरी क्षेत्र वालों को 3 और ग्रामीण क्षेत्र वालों को 2 कॉमर्शियल सिलेंडर देने की व्यवस्था की गई है। लोग बोले- 2 और 3 सिलेंडर से क्या होगा रसद विभाग पहुंचकर शादी का कार्ड और प्रार्थना पत्र जमा कराने आए लोगों का कहना है कि दो या तीन सिलेंडर से शादी में कैसे काम होगा। उदयपुर शहर के कृष्णपुरा में रहने वाले नरेश कलेक्टरी आए और रसद विभाग में शादी के कार्ड के साथ आवेदन दिया। नरेश बताते हैं कि हम गैस एजेंसी पर गए थे, तो वहां पर जानकारी दी कि आपको रसद विभाग में आवेदन करना होगा। अब शहरी क्षेत्र में 3 सिलेंडर देने का प्रावधान बताया गया है जो बहुत कम है। झाड़ोल क्षेत्र के ओगणा से आए सुरेश कुमार ने बताया कि मेरी शादी के कार्यक्रम 20 और 21 अप्रैल को और मेरी दो बहनों की शादी के कार्यक्रम 25 और 26 अप्रैल को होने हैं। गैस एजेंसी संचालक ने मना कर दिया और डीएसओ के जरिए प्रोसेस करने को कहा था। इसलिए हम यहां आए हैं। यहां लाइन में बहुत सारे लोग लगे हैं। रसद विभाग ने जो टंकियों की संख्या तय की है, यह बहुत कम है। शादियों के आयोजन को देखते हुए 10 टंकियां मिलनी चाहिए। मैन्यू में आइटम सीमित करें प्रशासन ने लोगों को समझाया है और अपील की है कि ज्यादा जरूरत होने पर कोयला और लकड़ीं की भट्‌टियों का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही मेहमानों की संख्या और शादी के भोजन के मैन्यू में आइटम की संख्या सीमित रख सकते हैं।