भास्कर न्यूज | अमृतसर चार साहिबजादों व माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित शहीदी सप्ताह के अवसर पर युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। हलका उत्तरी से युवा भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने पहली बार अमृतसर से श्री फतेहगढ़ साहिब तक युवाओं के लिए फ्री बस यात्रा शुरू करने की घोषणा की है। यह विशेष बस सेवा 20 दिसंबर से 27 दिसंबर तक प्रतिदिन चलाई जाएगी। अक्षय शर्मा ने बताया कि 20 दिसंबर को इस यात्रा की शुरुआत रणजीत एवेन्यू स्थित खेल ग्राउंड से की जाएगी। पहले दिन 10 बसों का काफिला श्री फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना होगा। यह पूरी यात्रा निःशुल्क रहेगी और इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को चार साहिबजादों व माता गुजरी जी की अमर शहादत, उनके बलिदान और सिख इतिहास की गौरवशाली विरासत से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि इस पहल में विशेष रूप से इतिहास विषय के छात्र शामिल होंगे, ताकि वे प्रत्यक्ष रूप से शहीदी स्थलों के दर्शन कर इतिहास को करीब से समझ सकें। इसके अलावा आम लोग भी इस फ्री बस यात्रा में भाग ले सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है, जो टोल फ्री नंबर 7740000646 पर की जा सकती है। साथ ही उनके दफ्तर से यह फार्म भरे जा सकते है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को गुरु साहिब के महान इतिहास, त्याग और बलिदान की भावना से जोड़ना है, ताकि वे अपने मूल्यों और संस्कारों को समझ सकें। शहीदी सप्ताह के दौरान रोजाना बसें रवाना कर युवाओं को श्री फतेहगढ़ साहिब के दर्शन करवाए जाएंगे।