जोधपुर में ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। बासनी औद्योगिक थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे श्रमिक कॉलोनी में खाटेड फैब्रिक्स फैक्टरी के सामने एक युवक का शव मिला था। थाना अधिकारी नितिन दवे ने बताया- युवक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। पुलिस ने जांच शुरू की तो धर्मेंद्र कुमार सिंह (40) पुत्र सुधन प्रसाद निवासी जागिरी टोला गोपालगंज बिहार हाल निवासी श्रमिक कॉलोनी के रूप में मृतक की पहचान हुई। पुलिस ने फील्ड इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपी चंदन कुमार (19) पुत्र महावीर सिंह निवासी संदेश भोजपुर-आरा बिहार और गोविंदा कुमार (22) पुत्र रणजीत भारती निवासी मरदह गाजीपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी यूपी और बिहार भागने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों ने पत्थरों से हमला कर और गला घोंटकर साथी मजदूर धर्मेंद्र कुमार की हत्या कर दी थी। शराब पीने के बाद कहासुनी को लेकर किया हमला थाना अधिकारी नितिन दवे ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि मृतक धर्मेंद्र और दोनों आरोपी चंदन व गोविंदा शराब पीने के आदी हैं। वारदात की रात तीनों ने शराब पी रखी थी। नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद गुस्से में आकर चंदन और गोविंदा ने धर्मेंद्र के सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए और गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों कमरे में जाकर सो गए और सुबह गांव भागने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते दबोच लिया। बासनी थाने के एएसआई भूपेंद्र सिंह और कांस्टेबल दिनेश नायल की टीम ने महज 6 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करने में अहम भूमिका निभाई।
