पंजाब के पटियाला में नाभा नगर परिषद के EO के सरकारी रिहायश से किसानों का चोरी हुआ सामान बरामद हुआ। CIA की टीम ने किसानों की मांग पर JCB की सहायता से जब खुदाई शुरू की तो वहां से ट्रॉलियों का सामान बरामद हुआ। आरोप है कि ये सामान शंभू बॉर्डर से ट्रैक्टर ट्रॉलियों से चोरी किया गया था। बीते 2 दिनों से किसान EO के घर के बाहर बैठ कर इसे लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इससे पहले घनौर हलके और फिर नाभा हलके से चोरी हुई ट्रॉलियां बरामद की गई हैं। पंजाब पुलिस ने इस साल मार्च में शंभू और खनौरी बॉर्डर पर 13 महीने से धरने पर बैठे किसानों को हटाया था। पुलिस ने बुलडोजर चलाकर किसानों के बनाए अस्थायी शेड तोड़ दिए थे। किसान यहां MSP की गारंटी कानून समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। सिलसिलेवार तरीके से जानें पूरा मामला… सरकारी आवास से बरामद हुआ सामान
इस पर भारतीय किसान यूनियन आजाद के नाभा अध्यक्ष गमदूर सिंह और अन्य किसानों ने कहा कि पंजाब सरकार के सहयोग से शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसानों की चोरी हुई ट्रॉलियां अब सरकारी परिसर से बरामद हो रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पुख्ता जानकारी थी कि उनकी ट्रॉलियों का सामान नगर परिषद की इस जगह पर नष्ट करने की नीयत से दबा दिया गया है। वे इसका पता लगाने के लिए कल से नगर परिषद के बाहर बैठे थे और आज प्रशासन को मजबूर होकर ऐसा करना पड़ा और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पटियाला सीआई स्टाफ पुलिस ने उनकी ट्रॉलियों का सामान बरामद कर लिया। अब पुलिस को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए और असली दोषियों को सलाखों के पीछे डालना चाहिए। EO बोले- मैं यहां नहीं रहता
नगर परिषद के EO गुरचरण सिंह गिल का कहना है कि यह सरकारी आवास उनके नाम पर अलॉट है। लेकिन वह यहां रहते नहीं हैं, बल्कि अपने नजदीकी गांव में अपने घर आते-जाते रहते हैं। उन्होंने बताया कि आप नेता पंकज पप्पू यहां अपना दफ्तर बनाकर रहते थे, जिन्हें नगर परिषद के पार्षदों ने प्रस्ताव पास करके सरकारी कर्मचारियों के कामकाज के लिए सुपरवाइजर बनाया था। उन्होंने कहा कि वह पटियाला के सीआई स्टाफ पुलिस को हर तरह का सहयोग देने के लिए तैयार हैं। सामान बरामद हुआ आगे बढ़ेगी जांच
पटियाला CIA स्टाफ की टीम का नेतृत्व कर रहे थानेदार दविंदर सिंह से बात की, तो उन्होंने बताया कि आज नगर कौंसिल के सरकारी आवास से जमीन के नीचे से ट्रालियों का सामान बरामद किया गया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
