चूरू में एक स्टील व्यापारी 25 लाख रुपए की साइबर ठगी का शिकार हो गया। सस्ती दरों पर स्टील खरीदने के लालच में उसने यह रकम गंवा दी थी। साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट के आदेश पर ठगी गई पूरी रकम व्यापारी को वापस दिलवाई है। साइबर थाने के एएसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दूधवाखारा थाना क्षेत्र के गांव सहजूसर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके एक दोस्त ने उसे अहमदाबाद की ‘सेल्विस अलॉयज प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी से सस्ती दरों पर स्टील मिलने की जानकारी दी। सस्ती स्टील खरीदने के लालच में व्यापारी ने कंपनी को 25 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिए। हालांकि, रकम भेजने के बाद कंपनी ने ऑर्डर के अनुसार स्टील भेजने से इनकार कर दिया। जब व्यापारी ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, तो कंपनी ने कॉल उठाना भी बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर पुलिस थाना से भी संपर्क किया। मामला दर्ज होने के बाद जांच एएसआई वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई। एएसआई वीरेंद्र सिंह ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट के आदेश पर साइबर ठग के खाते को होल्ड करवा दिया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने ठगी गई 25 लाख रुपए की राशि पीड़ित व्यापारी के खाते में सफलतापूर्वक वापस करवा दी। इस कार्रवाई में एएसआई वीरेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल रमाकांत और कॉन्स्टेबल कैलाश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।