खैरथल शहर में मातौर रोड स्थित यूको बैंक से पेंशन निकालकर घर लौट रही एक वृद्धा से बदमाश ने थैला छीन लिया। बदमाश थैले में रखा मोबाइल, पेंशन डायरी, मेडिकल डायरी और पीपीओ नंबर के कागजात लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी की तलाश में टीमें गठित की हैं। यह घटना दोपहर करीब एक बजे वार्ड 16 में गायत्री मंदिर के पास एक छोटे रास्ते पर हुई। वृद्धा कृष्णा देवी बैंक से 10 हजार रुपए की पेंशन निकालकर घर लौट रही थीं। तभी पीछे से आए 17-18 साल के एक लड़के ने उनके हाथ में लटका कपड़े का थैला छीनने का प्रयास किया। कृष्णा देवी ने बताया कि जब उन्होंने थैला नहीं छोड़ा, तो बदमाश उन्हें कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हालांकि, अपनी सूझबूझ से उन्होंने 10 हजार रुपए की पेंशन राशि एक छोटे पर्स में रखकर बैंक में ही अपने ब्लाउज में छिपा ली थी, जिससे वह सुरक्षित बच गई। इस छीना-झपटी में वृद्धा के हाथ और पैर में खरोंचें आई हैं।
